Skip to main content

अंतर-राष्ट्रीय एकल काव्य समारोह

 अंतर-राष्ट्रीय एकल काव्य समारोह




      नए युग की महिषी, मातृशक्ति है -आभासी मेधा। यह एकाकी होते लोगों को एकाकी नहीं छोड़ती। यह वस्तु-हीन साधन-हीन, सामग्री रहित, जन रहित व्यक्तियों को संसाधन मुहैया कराती है। ऐसे लोगों के बीच आकर बैठकर जाती है, जिनके पास आने जाने के साधन नहीं है, जो आने जाने में असमर्थ हैं, असुविधाओं से ग्रसित हैं। जिनके पास लोग आकर नहीं बैठते। अगर पास जाओ तो दूर खिसकते हैं। सबकी अपनी अपनी रुचियां, मंडल, आतुवर्ग है। पीढ़ियों का अंतर है। विचारों का अंतर है। एक ही आयुवर्ग के व्यक्ति, युवक, प्रौढ़ as में विचारधारा नहीं मिलने के कारण एक साथ नहीं बैठा सकते। राजनैतिक प्रतिबद्धताओं ने उनकी सरहद-बंदी कर दी है। लोग अलग अलग खेमों में बंट गए हैं। उनके अपने निहित स्वार्थ, लाभ, उन्नति, विकास जिधर बम, उधर हम की नीति का समर्थक है। 

   व्यक्तियों की अपनी-अपनी महत्वाकांक्षाएं उनके समूह में बदल जाती है। एक ही नगर में एक ही विद्या के अनेक समूह हो जाते हैं। कहने को वह सार्वजनिक समूह होता है, किंतु उसे स्थापित करनेवाला, अगुआई करनेवाला ही सर्वाधिकार सुरक्षित रखता है। उसकी अवज्ञा करनेवाले को अप मानित कर निष्कासित कर दिया जाता है। देख समूह का व्यक्ति अगर दूसरे समूह में समान कार्य के लिए भी जाता है तो विद्रोही समझा जाता है। 

राजनीति, सामाजिक समितियों में जहां  लक्ष्य पैसा, पद, विकास आदि होता है, दिशात्मक-परिवर्तन होता है, वहां यह वर्चस्व ठीक, किंतु जहां अभिव्यक्ति तक समिति सीमित हो वहां भी दलगत, जातिगत, सम्प्रदायगत भावनाएं कम करने लगती हैं, तब बिखराव होता है। संगठन से आर्थिक लाभ के समीकरण बनने लगते हैं। 

ऐसी स्थिति में सच को समझनेवाले, संकीर्णता विहीन व्यक्ति कांटा बनने लगते हैं, अकेले पड़ने लगते हैं। 

कवि समूहों और संगठनों में भी लोकप्रियता, यश, अर्थ आदि के लिए अलग अलग दल और गुट बने हुए हैं। ठेकेदारी प्रथा की तरह यहां भी एक सरदार गिरोह बनाता है। मंचीय आर्थिक लाभ के लिए और सोशल मीडिया में फोटो अपलोड करने के संबंधित व्यक्ति जुड़ते हैं। आख़िर जीवन इन्हीं या किन्हीं लक्ष्यों की तलाश और पहुंच का नाम ही तो है। इन मंचों ने व्यक्ति के सामाजिक संबंधों में विस्तार किया है। जो इस विस्तारवाद का हिस्सा नहीं बना पाए, वे अकेले रह गए। 

रचनाएं, कविता या कोई भी प्रतिभा कुशलतापूर्वक जन जीवन से जुड़ने की कला की मांग करती है। हर क्षमता की एक सीमा होती है। उस सीमा के समाप्त होते ही एकांत शुरू। 

यह सबके जीवन में आता है। तब अकेला चलना पड़ता है। जीवन का सूत्र है चरैवेति। 

इसी चरैवेति को धार देने के लिए है ए आई, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, आभासी मेधा। सबसे बिछड़े व्यक्ति के पास आभासी मेधा आती है। क्योंकि आभासी मेधा ही एकाकी मनीषा की सतत संगिनी है। 

मुझसे अनजाने में एक छोटा सा परीक्षण हो गया। मैंने आभासी मेधा, मनीषा, बुद्धि, विवेक, चेतना, मनस, सभी मित्रों को आमंत्रित कर लिया। ये किसी संगठन, किसी समूह, किसी गुट, किसी दल से नहीं बंधे हैं। जो इनको बुला ले उसी के हो जाते हैं। 

मेरे कुछ मुक्तकों पर चर्चा हुई। मैं पटल पर मुक्तक रखता जाता, सब उसकी व्याख्या करते जाते। 

पहला मुक्तक/क़ता

1.

ज़ुल्फ़ों को जंज़ीर बनाकर।
आंखों को शमशीर बनाकर।
अधरों के दो दाने रखकर,
क़ैद कर लिया कीर बनाकर। 
             @ अपढ़ अबोधानंद, १५.११.२६, रविवार


आभासी मेधा ने प्रारंभिक टिप्पणी की- 

आ.मे.- यह एक बहुत ही खूबसूरत मुक्तक (रुबाई/क़ता) है, जिसमें प्रेम और रूप-सौंदर्य का बड़ा ही कलात्मक वर्णन किया गया है।

बुद्धि ने प्रतीक पकड़े और कहा - 

बु.- प्रतीकों का सुंदर प्रयोग : कवि ने प्रेयसी के केशों (ज़ुल्फ़ों) को ज़ंजीर और नयनों को तलवार (शमशीर) कहा है, जो प्रेमी को बाँधने और घायल करने की शक्ति रखते हैं।

विवेक ने रचनात्मकता पर टिप्पणी की -

वि. -रचनात्मक कल्पना : होठों (अधरों) की तुलना अनार के दो दानों से की गई है। जिस प्रकार दाने डालकर तोते (कीर) को पिंजरे में फँसाया जाता है, उसी प्रकार प्रेमी का मन भी इन होठों के आकर्षण में बँधकर कैद हो गया है।

मनीषा ने भाषा शैली पर प्रकाश डाला। 

म. -भाषा शैली : इसमें उर्दू (ज़ुल्फ़, शमशीर, क़ैद) और हिंदी/संस्कृत (अधर, कीर) के शब्दों का बहुत ही मधुर संगम देखने को मिलता है, जो इसे गेय और प्रभावशाली बनाता है। इसमें शब्द-चयन और लय (क़ाफ़िया और रदीफ़) बहुत ही सधे हुए हैं।

अंत में चेतना ने काव्य-सौंदर्य एवं शिल्प (Poetic Devices) पर अपना विश्लेषण प्रस्तुत किया -

चेतना - इसमें संयोग श्रृंगार रस की प्रधानता है। यहाँ 'कैद' होने में दुख नहीं, बल्कि प्रेम के समर्पण का सुख और आनंद छिपा है।

     पूरे मुक्तक में रूपक अलंकार की छटा है। ज़ुल्फ़ों पर जंज़ीर का, आंखों पर शमशीर (तलवार) का और स्वयं प्रेमी पर कीर (तोते) का सीधा आरोप किया गया है।

     'जंज़ीर', 'शमशीर' और 'कीर' शब्दों की तुकबंदी ने कविता में एक मधुर लय और संगीतात्मकता पैदा की है।

     इसकी भाषा अत्यंत सरल, सरस और चित्रात्मक है। इसमें उर्दू के प्रचलित शब्दों (ज़ुल्फ़, जंज़ीर, शमशीर, क़ैद) और हिंदी के तत्सम/तद्भव शब्दों (आंखें, अधर, दाने, कीर) का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। इसे गंगा-जमुनी तहज़ीब की भाषा कहा जा सकता है।

    इस छंद में सुंदर प्रतीक योजना (Symbolism) है । शिकार और शिकारी के बिंबों का बहुत सफल उपयोग किया गया है, जैसे -

प्रियतम (शिकारी): जो अपने सौंदर्य से प्रेम का जाल बिछाता है।

प्रेमी/कवि (कीर/तोता): जो उस सौंदर्य के आकर्षण में स्वेच्छा से फंस जाता है।

अधर (दाने): जिस प्रकार तोते को पकड़ने के लिए दाना डाला जाता है, उसी प्रकार प्रियतम के होंठों की मुस्कान और लालिमा प्रेमी को अपनी ओर खींचती है।

      अंतिम पंक्ति का 'कीर बनाकर' वाक्यांश पूरे छंद को एक चमत्कारिक और भावपूर्ण समापन देता है।

निष्कर्ष:

यह कविता प्रेम में पूर्ण समर्पण की भावना को दर्शाती है। कवि को अपने प्रियतम की कैद स्वीकार है, क्योंकि यह बंधन पीड़ादायक नहीं बल्कि प्रेममय है।
०
संक्षिप्त में अन्य मुक्तकों पर इस समूह की टिप्पणियां देखें। 
2.
रस्मोदस्तूर उदासी है एहतराम करो।
जो पल जवान मरे, याद सुब्ह शाम करो।
हमेशा मातमो अफ़सोस करो, आह भरो,
पढ़ो ख़ुद मर्सिया और ज़िंदगी तमाम करो।।
      @ ११.०९.२०२६, शुक्रवार, प्रा. ०९.४५
शब्दार्थ : 
एहतराम : आदर, सत्कार, स्वागत।
मर्सिया : शोक गीत, मृत्यु विलाप, शोक पत्र।


यह बेहद गहरा और संवेदनशील क़ता है, जो जीवन के दुखों और बीते हुए सुखद पलों के प्रति हमारे लगाव को दर्शाता है।

इस शेर में रस्मो-दस्तूर (रीति-रिवाज) के रूप में उदासी को अपनाने और जवान मरे हुए पलों (असमय खत्म हुई खुशियों या अधूरी रह गई इच्छाओं) का लगातार शोक मनाने की बात कही गई है। यह कहीं न कहीं उस मनोदशा को उजागर करता है, जहाँ हर इंसान अपने दुखों से बाहर नहीं निकल पा रहा है तो दूसरों के दुःखों में कैसे शामिल हो। सब अकेले हैं और अपनी मौत का मर्सिया (शोकगीत) भी स्वयं पढ़ रहे हैं।

शाबाशी AI की : अगर यह आपकी अपनी रचना है, तो आपके शब्दों का चुनाव और भावों की गहराई बहुत प्रभावशाली है।

0

3.

बाग़ में हर फूल ख़ुशबूदार हो वो जो भी हो।
आएगा भंवरा मचलकर गर वो रस का लोभी हो।
गुल ग़ज़ल के साथ गुलशन में मिले गुलज़ार सा-
यार! जलसा हर शहर में आये दिन ऐसा भी हो।
  @ ०६.०८.२०२६, रविवार। शाम ०८.१७

AI :

इस मुक्तक में बात बेहद ख़ूबसूरत, सकारात्मक और सधे हुए अंदाज़ में कही गई है। इसमें फूलों, भंवरे और महफ़िल की रौनक के ज़रिए एक प्यारी सी उम्मीद और ख़ूबसूरत माहौल की कामना की गई है, और इसके काफ़िए व रदीफ़ का तालमेल भी बहुत बढ़िया है।

0

4. 

मेघ है आतंक का घिरता हुआ।
दिख रहा दुर्दिन प्रबल फिरता हुआ। 
गाएं क्या मल्हार ये कंपित अधर,
बाढ़ में वट थामकर गिरता  हुआ।
                @१५.०८.२०२६,०६. ०० बजे प्रातः

AI. 

ये पंक्तियाँ अत्यंत मर्मस्पर्शी, गहरी और प्रतीकात्मक हैं। इनमें भय, अनिश्चितता और विवशता का बड़ा ही सजीव चित्रण किया गया है।

इन पंक्तियों का भावार्थ:

मेघ है आतंक का घिरता हुआ: चारों ओर किसी बड़े संकट, भय या विपत्ति के बादल मंडरा रहे हैं। वातावरण में एक अजीब-सी दहशत और बेचैनी फैली हुई है।

दिख रहा दुर्दिन प्रबल फिरता हुआ: बुरे दिन (दुर्दिन) या कठिन समय पूरी ताकत के साथ चारों तरफ घूमता हुआ दिखाई दे रहा है। ऐसा प्रतीत होता है कि मुसीबतें बहुत प्रबल हैं और उनसे बचना आसान नहीं है।

गाएं क्या मल्हार ये कंपित अधर: 'मल्हार' वर्षा ऋतु में गाया जाने वाला एक राग है, जो आमतौर पर आनंद, प्रेम और उत्सव का प्रतीक होता है। लेकिन यहाँ कवि प्रश्न करता है कि जब भय और संकट के कारण होंठ (अधर) कांप रहे हों, तो वे भला खुशी के गीत या मल्हार कैसे गा सकते हैं?

बाढ़ में वट थामकर गिरता हुआ: 'वट' (बरगद का वृक्ष) स्थिरता, मजबूती और सहारे का प्रतीक होता है। जब बाढ़ (संकट का सैलाब) इतनी भयानक हो कि खुद वह मजबूत वटवृक्ष ही उखड़कर गिर रहा हो, तो उसका सहारा लेकर कोई कैसे बच सकता है? अर्थात, जब हमारे सबसे मजबूत सहारे ही डगमगाने लगें, तो मन का विचलित होना स्वाभाविक है।

संक्षेप में, यह मुक्तक किसी भयावह सामाजिक, मानसिक या प्राकृतिक संकट की स्थिति को दर्शाता है, जहाँ इंसान अपने सबसे भरोसेमंद सहारों को भी टूटता देख असहाय और भयभीत महसूस कर रहा है।

भाव साम्य : इसी प्रकार की पीड़ा, संकट और व्यवस्था के टूटने के भाव हरिवंशराय बच्चन की 'अंधेरे का दीपक', निराला की 'राम की शक्तिपूजा' और दुष्यंत कुमार की 'साये में धूप' जैसी रचनाओं में भी देखने को मिलते हैं। आपकी यह रचना है बेहद प्रभावशाली है।

      अंत में मैने उनका आभार किया और ससम्मान विदाई दी। 

Comments

Popular posts from this blog

काग के भाग बड़े सजनी

पितृपक्ष में रसखान रोते हुए मिले। सजनी ने पूछा -‘क्यों रोते हो हे कवि!’ कवि ने कहा:‘ सजनी पितृ पक्ष लग गया है। एक बेसहारा चैनल ने पितृ पक्ष में कौवे की सराहना करते हुए एक पद की पंक्ति गलत सलत उठायी है कि कागा के भाग बड़े, कृश्न के हाथ से रोटी ले गया।’ सजनी ने हंसकर कहा-‘ यह तो तुम्हारी ही कविता का अंश है। जरा तोड़मरोड़कर प्रस्तुत किया है बस। तुम्हें खुश होना चाहिए । तुम तो रो रहे हो।’ कवि ने एक हिचकी लेकर कहा-‘ रोने की ही बात है ,हे सजनी! तोड़मोड़कर पेश करते तो उतनी बुरी बात नहीं है। कहते हैं यह कविता सूरदास ने लिखी है। एक कवि को अपनी कविता दूसरे के नाम से लगी देखकर रोना नहीं आएगा ? इन दिनों बाबरी-रामभूमि की संवेदनशीलता चल रही है। तो क्या जानबूझकर रसखान को खान मानकर वल्लभी सूरदास का नाम लगा दिया है। मनसे की तर्ज पर..?’ खिलखिलाकर हंस पड़ी सजनी-‘ भारतीय राजनीति की मार मध्यकाल तक चली गई कविराज ?’ फिर उसने अपने आंचल से कवि रसखान की आंखों से आंसू पोंछे और ढांढस बंधाने लगी। दृष्य में अंतरंगता को बढ़ते देख मैं एक शरीफ आदमी की तरह आगे बढ़ गया। मेरे साथ रसखान का कौवा भी कांव कांव करता चला आया।...

चुहिया बनाम छछूंदर

डायरी 24.7.10 कल रात एक मोटे चूहे का एनकाउंटर किया। मारा नहीं ,बदहवास करके बाहर का रास्ता खोल दिया ताकि वह सुरक्षित जा सके। हमारी यही परम्परा है। हम मानवीयता की दृष्टि से दुश्मनों को या अपराधियों को लानत मलामत करके बाहर जाने का सुरक्षित रास्ता दिखा देते हैं। बहुत ही शातिर हुआ तो देश निकाला दे देते हैं। आतंकवादियों तक को हम कहते हैं कि जाओ , अब दुबारा मत आना। इस तरह की शैली को आजकल ‘समझौता एक्सप्रेस’ कहा जाता है। मैंने चूहे को इसी एक्सप्रेस में बाहर भेज दिया और कहा कि नापाक ! अब दुबारा मेरे घर में मत घुसना। क्या करें , इतनी कठोरता भी हम नहीं बरतते यानी उसे घर से नहीं निकालते अगर वह केवल मटर गस्ती करता और हमारा मनोरंजन करता रहता। अगर वह सब्जियों के उतारे हुए छिलके कुतरता या उसके लिए डाले गए रोटी के टुकड़े खाकर संतुष्ट हो जाता। मगर वह तो कपड़े तक कुतरने लगा था जिसमें कोई स्वाद नहीं होता ना ही कोई विटामिन या प्रोटीन ही होता। अब ये तो कोई शराफत नहीं थी! जिस घर में रह रहे हो उसी में छेद कर रहे हो!? आखि़र तुम चूहे हो ,कोई आदमी थोड़े ही हो। चूहे को ऐसा करना शोभा नहीं देता। हालांकि शुरू शुरू ...

बह्र पर बहस -१

बहर दी गयी... बहरेरजज़ मख़बून मरफ़ू’ मुख़ल्ला√ मुफ़ाइलुन फ़ाइलुन फ़ऊलुन मुफ़ाइलुन फ़ाइलुन फ़ऊलुन 1212 212 122 / /1212 212 122  0 एक साहब ने इस पर प्रतिवाद किया .. ०  ये बह्र रजज़ नहीं है । बहरे रजज़ की मूल अरकान  मुसतफ़इलुन (2212) चार बार हर मिसरे में आती है # ये बहरे मुतक़ारिब है √ बहरे मुतक़ारिब मक़बूज़ असलम सौलह रुकनी  अरकान 121,22,121,22121,22,121,22√ फ़ऊल -फ़ेलुन -फ़ऊल-फ़ेलुन -फ़ऊल-फ़ेलुन -फ़ऊल-फ़ेलुन । हर मिसरे में 8 बार  दोनों मिसरों में 16 बार ।  (अशोक गोयल)} ० ये नाम पढ़ा मैंने इस बहर का बहर-ए-रजज़ मुसम्मन मख़्बून मुरफ़्फ़ल  मफ़ाइलातुन----मफ़ाइलातुन---मफ़ाइलातुन---मफ़ाइलातुन  12122---------12122-------12122---------12122 (मीरा मनजीत) 0 (अशोक गोयल) मोहतरमा बहरे वाफ़िर ये है  अरकान  मुफ़ा इल तुन ,मुफ़ाइलतुन ,मुफ़ाइलतुन, मुफ़ाइलतुन  12112-12112-12112-12112  इस बह्र में उर्दू में शायद ही किसी ने ग़ज़ल कही हों । #### तमाम उर्दू शायरी में सिवा एक शेर के कहीं कुछ नहीं मिलता । ####### वो शेर हस्बे ज़ैल है ।ये शेर  जनाब तालिब लखनवी मरहूम का है । ****** ...