Skip to main content

प्रेम के माइम और दुख की मिमिक्री

दो धाराएं हैं जिनमें समाज बह रहा है। एक प्रेम है और दूसरा दुख। दुख होता है तो दिखाई देता है। प्रेम भी छुपता नहीं।
दुख दिखाई देता है तो पर्याप्त समय-प्राप्त लोगों को सहानुभूति होती है । करुणा और सान्त्वना आदि प्रदर्शित करने के प्रयासों की घटनाएं भी हो सकती हैं। दुख बहुत गंभीर हुआ तो भीड़ करुणा में इकट्ठी हो सकती है।
प्रेम दिखाई देता है तो चर्चा होती है। घृणात्मक आक्रोश होता है। हंगामा भी हो सकता है। लोगों की भीड़ इकट्ठी हो सकती है। तमाशा देखने या आलोचना के पत्थर फेंकने। मजे लेने या थू थू करने....थू थू यानी अपने अंदर की गंदगी को बाहर उलीचने।
दोनों स्थितियों में भीड़ इकट्ठी हो रही है। भीड़वादी लोग इसका लाभ उठाने का वर्षोें से प्रयास करते रहे हैं। दुख के कारण और प्रेम के कारण गौण हो सकते हैं किन्तु भीड़ का लक्ष्य ऐसे लोगों के लिए गौण नही होता। यहां से प्रेम और दुख की अभिनय-यात्रा शुरू होती है। प्रेम और दुख के अभिनय देखकर लोग प्रभावित होते हैं और उसका जन-संचार करते हैं। दुबारा उसे देखने की कोशिश भी करते हैं। प्रेम और दुख के व्यावसायिक संगठन और संस्थान विभिन्न नामों से कार्यरत हैं। राजनैतिक, वाणिज्यिक, सामाजिक, धार्मिक ,गैर शासकीय ,आदि तरीको से प्रेम और दुख का अपेक्षित दोहन किया जा रहा है। दुख और प्रेम के दोहन की अपनी अपनी शैलियां और विधाएं हुआ करती हैं। अभिनय की परम्परागत शैलियों के अलावे एकाभिनय की दो विभिन्न शैलियां भी प्रचलित हैं। मूकाभिनय और एकल प्रदर्शन। अंग्रेजी में इन्हें हम माइम और मिमिक्री के नाम से जानते हैं।
माइम के माध्यम से अभिनेता या प्रस्तुतकत्र्ता लोगों की करुणा और वाहवाही लूटने की चेष्टा करता है। वह गंभीर उद्देश्यों की व्यंजनामूलक अभिव्यक्ति की कला है। मूकाभिनय के माध्यम से दर्शकों के दिमाग के जागे रहने की मांग इस कला में छुपी होती है। इसमें अनजाने और अछूते विषयों को छूने की कोशिश की जाती है।
मिमिक्री पूरी तरह प्रसिद्धों की विद्रूपताओ का माखौल या नकल होती है। इसमें ध्वनि और संवादों का पूरा प्रयोग होता है। दर्शक जिसमें हास्यानुभूति जीवित होती है वह दिमाग को एक तरफ सरकाकर मजे के स्वीविंग पूल में छलांग लगा देता और जोर जोर से हाथ पर हाथ और जमीन पर पैर पटक पअटक कर हंसता है। दिमाग ऐसे समय पूरी तरह आकसिमक अवकाश पर होता है और तरोताजा होकर फिर अपने दुख के भवसागर में माइम करने चला आता है।
कहते हैं वह सर्वश्रेष्ठ हास्य कलाकार होता है जो सर्वाधिक दुखी होता है। अब तक भारत में हिन्दी के सर्वश्रेष्ठ व्यंग्य लेखक हरिशंकर परसाई माने जा रहे हैं। उनहोंने अपने व्यंग्य से हंसाया भी है और खुद हंसे भी है। उन्होंने सवाल उठाया -‘‘ व्यंग्य क्या है ?’’ आगे उत्तर दिया -‘‘ चेखव ने कहा है ,‘ जो दुखाी होता है ,वह हास्य व्यंग्य लिखता है। जो सुखी होता है वह दुख का साहित्य लिखता है।’’’
व्यंग्य और हास्य में अंतर होता है। दुख की मिमिक्री करने से हंसी आती है। कुछ कलाकारों ने हंसते हुए रुलाया भी है। वे हास्य की भूमिका रचते हैं और लोग करुणा से भरने लगते हैं। मेहमूद यहां जीत गए। हंसाते हंसाते रुलाने में वे सिद्धहस्त कहलाए। उनके हास्य में तीखा व्यंग्य और आक्रोश भी दिखाई देता है। राजकपूर ने हमेशा नायक बनने का प्रयास किया । वे करुण पात्रों की हास्यास्प्रद परिस्थियों में करुणा की तलाश करते हुए नायक बनते थे। जोकर के अति कारुणिक परिस्थिति में हास्यास्प्रद होकर और रोकर वे न रुला सके न हंसा सके। उनकी उस कल्पना को भारतीय दुखवादी
दर्शकदीर्घा ने अस्वीकार कर दिया। यही भूल आलातरीन गायक मोहम्मद रफी ने की। ‘बाबुल की दुआएं लेती जा’ में जहां उन्होंने लयात्मक सिसकारी भरी है ,वह प्रभावहीन हो गई और मोहम्मद रफी फिसलकर नेपथ्य में चले गए। पर उनके अमर गीत आज भी अपनी जगह हैं। फिसलता इंसान है ; रचनाएं अपनी जगह खड़ी रहती हैं।
इन दिनों मिमिक्री को हास्य में तब्दील करके दर्शकदीर्घा में टी आर पी का जाल फेंका जा रहा है। मगर वह फूहड़ क्षणजीविता का हुनर है। दुख पर हंसना हम चाहते हैं क्योंकि दुख की घुटनभरी कोठरी से बाहर आना चाहते हैं। प्रेम हमारे लिए माइम ही बना हुआ है। प्रेम की बात चलते ही हम मूक हो जाते हैं। प्रेम में ‘हंसे तो फंसे’ का जुमला द्वि-अर्थी है।फंसने का अर्थ जीवन भर की मुसीबत मोल लेना भी हां सकता है। प्रेम की बात चलते ही हंसे तो अविश्वसनीयता के घेरे में आ जाओगे। वह मादक हंसी दूसरी है जो रक्त में तूफान पैदा करती है और हंसी को चुप्पी की मोहनी जकड़ लेती है।
राजनीति दोनों का सौदा करती है। एक ही व्यक्ति गंभीर राजनेता भी है और उद्देश्यपूर्वक हंसोड़ वक्तव्य देता है।लोग हंसते हैं तो वह अपनी सफलता पर खुश होता है और हंसता है। इसी हंसोड़ घोषणापत्र को लेकर वह देश के सर्वोच्च पद की चाहत भी रखता है। मगर वह सिर्फ प्रसाद नहीं है , लाल भी है और सिंह भी। शराब सबके असली चेहरे और नकली गंभीरता को उंडेल कर बाहर उलीच देती है। हंसाते हुए भी तुम कूटनीतिज्ञ हो और गंभीर होकर भी तुम मज़ाक कर रहे हो। जनता जानती है कि कौन कब जनता का नहीं है। राजनीति जनता को नहीं स्वयं को धोक़ा देने से शुरू होती है और स्वयं को छलती हुई खत्म हो जाती है। जयशंकर प्रसाद ने ठीक कहा था कि जब वीरता भागती है तो उसके पैरों से राजनीति के छल छंदों की धूल उड़ती है। 021009

Comments

Anonymous said…
बहुत ही बेहतरीन विवेचना करता उम्दा आलेख...
माईम के जरिए पूरा दुखःशास्त्र बांच दिया है आपने...
Dr.R.Ramkumar said…
धन्यवाद भाई सा आप की टिप्पणियां ऊर्जा देती हैं।
दीपावली की हार्दिक शुभकामनायें

काबिलेतारीफ बेहतरीन


SANJAY KUMAR
HARYANA
http://sanjaybhaskar.blogspot.com

Popular posts from this blog

तोता उड़ गया

और आखिर अपनी आदत के मुताबिक मेरे पड़ौसी का तोता उड़ गया। उसके उड़ जाने की उम्मीद बिल्कुल नहीं थी। वह दिन भर खुले हुए दरवाजों के भीतर एक चाौखट पर बैठा रहता था। दोनों तरफ खुले हुए दरवाजे के बाहर जाने की उसने कभी कोशिश नहीं की। एक बार हाथों से जरूर उड़ा था। पड़ौसी की लड़की के हाथों में उसके नाखून गड़ गए थे। वह घबराई तो घबराहट में तोते ने उड़ान भर ली। वह उड़ान अनभ्यस्त थी। थोडी दूर पर ही खत्म हो गई। तोता स्वेच्छा से पकड़ में आ गया। तोते या पक्षी की उड़ान या तो घबराने पर होती है या बहुत खुश होने पर। जानवरों के पास दौड़ पड़ने का हुनर होता है , पक्षियों के पास उड़ने का। पशुओं के पिल्ले या शावक खुशियों में कुलांचे भरते हैं। आनंद में जोर से चीखते हैं और भारी दुख पड़ने पर भी चीखते हैं। पक्षी भी कूकते हैं या उड़ते हैं। इस बार भी तोता किसी बात से घबराया होगा। पड़ौसी की पत्नी शासकीय प्रवास पर है। एक कारण यह भी हो सकता है। हो सकता है घर में सबसे ज्यादा वह उन्हें ही चाहता रहा हो। जैसा कि प्रायः होता है कि स्त्री ही घरेलू मामलों में चाहत और लगाव का प्रतीक होती है। दूसरा बड़ा जगजाहिर कारण यह है कि लाख पिजरों के सुख के ब

काग के भाग बड़े सजनी

पितृपक्ष में रसखान रोते हुए मिले। सजनी ने पूछा -‘क्यों रोते हो हे कवि!’ कवि ने कहा:‘ सजनी पितृ पक्ष लग गया है। एक बेसहारा चैनल ने पितृ पक्ष में कौवे की सराहना करते हुए एक पद की पंक्ति गलत सलत उठायी है कि कागा के भाग बड़े, कृश्न के हाथ से रोटी ले गया।’ सजनी ने हंसकर कहा-‘ यह तो तुम्हारी ही कविता का अंश है। जरा तोड़मरोड़कर प्रस्तुत किया है बस। तुम्हें खुश होना चाहिए । तुम तो रो रहे हो।’ कवि ने एक हिचकी लेकर कहा-‘ रोने की ही बात है ,हे सजनी! तोड़मोड़कर पेश करते तो उतनी बुरी बात नहीं है। कहते हैं यह कविता सूरदास ने लिखी है। एक कवि को अपनी कविता दूसरे के नाम से लगी देखकर रोना नहीं आएगा ? इन दिनों बाबरी-रामभूमि की संवेदनशीलता चल रही है। तो क्या जानबूझकर रसखान को खान मानकर वल्लभी सूरदास का नाम लगा दिया है। मनसे की तर्ज पर..?’ खिलखिलाकर हंस पड़ी सजनी-‘ भारतीय राजनीति की मार मध्यकाल तक चली गई कविराज ?’ फिर उसने अपने आंचल से कवि रसखान की आंखों से आंसू पोंछे और ढांढस बंधाने लगी। दृष्य में अंतरंगता को बढ़ते देख मैं एक शरीफ आदमी की तरह आगे बढ़ गया। मेरे साथ रसखान का कौवा भी कांव कांव करता चला आया।

सूप बोले तो बोले छलनी भी..

सूप बुहारे, तौले, झाड़े चलनी झर-झर बोले। साहूकारों में आये तो चोर बहुत मुंह खोले। एक कहावत है, 'लोक-उक्ति' है (लोकोक्ति) - 'सूप बोले तो बोले, चलनी बोले जिसमें सौ छेद।' ऊपर की पंक्तियां इसी लोकोक्ति का भावानुवाद है। ऊपर की कविता बहुत साफ है और चोर के दृष्टांत से उसे और स्पष्ट कर दिया गया है। कविता कहती है कि सूप बोलता है क्योंकि वह झाड़-बुहार करता है। करता है तो बोलता है। चलनी तो जबरदस्ती मुंह खोलती है। कुछ ग्रहण करती तो नहीं जो भी सुना-समझा उसे झर-झर झार दिया ... खाली मुंह चल रहा है..झर-झर, झरर-झरर. बेमतलब मुंह चलाने के कारण ही उसका नाम चलनी पड़ा होगा। कुछ उसे छलनी कहते है.. शायद उसके इस व्यर्थ पाखंड के कारण, छल के कारण। काम में ऊपरी तौर पर दोनों में समानता है। सूप (सं - शूर्प) का काम है अनाज रहने देना और कचरा बाहर निकाल फेंकना। कुछ भारी कंकड़ पत्थर हों तो निकास की तरफ उन्हें खिसका देना ताकि कुशल-ग्रहणी उसे अपनी अनुभवी हथेलियों से सकेलकर साफ़ कर दे। चलनी उर्फ छलनी का पाखंड यह है कि वह अपने छेद के आकारानुसार कंकड़ भी निकाल दे और अगर उस आकार का अनाज हो तो उसे भी नि