Skip to main content

फिर पलाश फूले हैं।

 फागुन राग सप्तक (परिमार्जित)

फिर पलाश फूले हैं।
                   (स्वतंत्र मत, जबलपुर, २३ मार्च १९९७)

फिर पलाश फूले हैं, फिर फगुनाई है।
               मस्ती कब किसके दबाव में आई है!

नाज़ उठाती हवा चल रही मतवाली।
इतराती है शाख़ नए फूलों वाली।
कलियां कब अब संकोचों में आती हैं।
गाती हैं विस्फोट का गाना गाती हैं।।
पत्ते नए, नए तेवर दिखलाते हैं।
पेड़ उन्हें अपने माथे बिठलाते हैं।
धूप, ठीक नवयौवन का अभिमान लिए।
चूम रही धरती को नए विहान लिए।।
           जिधर देखिए उधर वही तो छाई है।।१।।
                         मस्ती कब किसके दबाव में आई है!

सिकुड़े बैठे शीत के मारे उठ धाये।
खेतों की पेड़ों पर ठस के ठस आये।
ख़ूब पकी है फसल पसीनावालों की।
व्यर्थ गयी मंशा दुकाल की, पालों की।।
भाग भाग कहने वाले शरमाये हैं।
सिर्फ़ आग के रखवाले गरमाये हैं।
गर्मी से जिनका रिश्ता है नेह भरा।
खेतों खेतों जीवित है वह परम्परा।।
           कुछ न कुछ कर गुज़रेगी, तरुणाई है।।२।।
                        मस्ती कब किसके दबाव में आई है!

दूध पका है बच्चे इन्हें भुनाएंगे।
मसल हथेली फूंक-फूंक कर खाएंगे।
मेड़ों पर जो ऊग रही है बे मतलब।
वही घास बनती 'होलों' का मुख्य सबब।।
इसके बाड़े की लकड़ी छिन जाती है।
उसके माथे पर कालिख पुत जाती है।
पोल खुल रही बंद द्वार की गलियों में।
जाने क्या-क्या छुपा हुआ उन डलियों में--
           मालन जिनकी करती फिरे बड़ाई है।।३।।
                       मस्ती कब किसके दबाव में आई है!

रात में जब फिर लकड़ी कंडे आते हैं।
जलनेवाले ढेरों में जल जाते हैं।
लगी आग लो जली विकारों की होली।
हवा उठाये नए विचारों की डोली।।
लकड़ी किसकी है, ये कंडे  किनके हैं?
जले अभी जो वो हथकंडे किनके हैं?
जिन हाथों ने आग लगाई, किनके हैं?
जिन होंठों ने विरुदें गाई, किनके हैं?
           दबी हुई बातों की खुली कलाई है।।४।।
                          मस्ती कब किसके दबाव में आई है!

डंके की चोटों पर बजते ढोल मृदंग।
ताल ठोंककर टोली निकली मस्त मलंग।
सोतों को न जगा सके वह राग नहीं।
कडुवाई न घोल सके वह फाग नहीं।।
गलियों-गलियों कूट कबीरा गाते हैं।
आज कई बंधन ढीले पड़ जाते हैं।
जो काटे मन की विकृतियां, विकलांगन।
उसकी ऊर्जा को बांधेगा क्या आंगन।।
           पूनम पर यौवन ने धाक जमाई है।।५।।
                           मस्ती कब किसके दबाव में आई है!

सुबह हुई है आग होलिका की लेने।
चली गृहणियां पहन पलाशों के गहने।
चूल्हे-चूल्हे चली चिनगियां चेतमयी।
राख उठी माथे पर चढ़कर खेत गयी।।
हर अंगारा नित दहकाया जाएगा।
सारा घर फिर इससे जीवन पायेगा।
परम्परा से आग बचाई जाती है।
ठीक समय पर फिर सुलगाई जाती है।।
           हमने अपनी ऐसे साख बचाई है।।६।।
                          मस्ती कब किसके दबाव में आई है!

रंग अग्नि का उत्साहों का रंग बना।
अंग-अंग की फड़कन और तरंग बना।
अंदर के रंगों की बाहर बौछारें।
गलियों में फूटे हैं रस के फौवारे।।
गहराई तक भींग गए सब तप्त मनस।
चिन्ह छोड़कर मुग्ध खड़े हैं तृप्त परस।
पर्दे के अंदर जब सिमटी नव-लज्जा।
साहस लपका बिखर गई उसकी सज्जा।।
            रोध विरुद्ध विरोधों की हथपाई है।।७।।
                         मस्ती कब किसके दबाव में आई है!

@ रा.रामकुमार, १ मार्च १९९७, नैनपुर.


एक गीत पुरौनी का : रंग प्रतिपदा पर....

🌸 एक फागुनी मधुमासी गीत
– डॉ. रा. रामकुमार
[ बालाघाट, मध्यप्रदेश ]

किसके अधरों की रंगत पलाशों पे है,
कोई कस्तूरी’-मृग क्या इधर से गया।
क्यों गुलाबी हवा में है मीठी चुभन,
दुष्ट कंदर्प क्या छेड़कर है गया?

फूल सरसों के, अंजुरी में मकरन्द ले,
आनेवाले को जैसे भिगाने खड़े।
बाग वन पथ पे फूलों की चादर बिछा
भूप ऋतुराज को हैं लिवाने खड़े।
पाहुना आ गया तो, वो भगदड़ मची,
कोई तन, कोई मन लूटकर ले गया।

आम्र रसराज बौरा के सुरभित हुए,
यह भी कुदरत का अद्भुत चमत्कार है।
जाते जाते भी फागुन सुफल दे गया,
यह बड़प्पन सुसभ्यों का व्यवहार है।
वर्ष के अंत में भी मिला घट भरा,
हर पथिक घूंट अमृत के भर के गया।

चैत्र की प्रतिपदा सांवली है तो क्या,
सात रंगों से हमने उसे रंग दिया।
इन्द्रधनुषों का यह पर्व हो वर्ष भर,
यूं लगे कोई अपनों के संग-संग जिया।
जो अंगूठी सगाई की पहना गया,
हाथ वो धर के हम सब के सर पे गया।

@ रा.रामकुमार










Comments

indr said…
रंगपंचमी की हार्दिक शुभकामनाएं जीजा जी ������
indr said…
रंगपंचमी की हार्दिक शुभकामनाएं 🙏💐
Dr.R.Ramkumar said…
धन्यवाद इंद्र!👌💐
मस्ती कब किसके दबाव में आई है ...
भीतर ही थी तुमसे मिलने बाहर आई है ।

हर बंध , हर छन्द , हर शब्द भाव कथ्य सभी अप्रतिम है । सम्पूर्ण गीत आपकी प्रतिष्ठा और भीतर के आंदोलन का प्रतिनिधित्व कर रहा है ।

कुंजकिशोर विरुरकर
12 मार्च 2023
Dr.R.Ramkumar said…
बहुत बहुत आभार विरुरकरजी,
आपने कविता का सम्मान बढ़ा दिया।

Popular posts from this blog

काग के भाग बड़े सजनी

पितृपक्ष में रसखान रोते हुए मिले। सजनी ने पूछा -‘क्यों रोते हो हे कवि!’ कवि ने कहा:‘ सजनी पितृ पक्ष लग गया है। एक बेसहारा चैनल ने पितृ पक्ष में कौवे की सराहना करते हुए एक पद की पंक्ति गलत सलत उठायी है कि कागा के भाग बड़े, कृश्न के हाथ से रोटी ले गया।’ सजनी ने हंसकर कहा-‘ यह तो तुम्हारी ही कविता का अंश है। जरा तोड़मरोड़कर प्रस्तुत किया है बस। तुम्हें खुश होना चाहिए । तुम तो रो रहे हो।’ कवि ने एक हिचकी लेकर कहा-‘ रोने की ही बात है ,हे सजनी! तोड़मोड़कर पेश करते तो उतनी बुरी बात नहीं है। कहते हैं यह कविता सूरदास ने लिखी है। एक कवि को अपनी कविता दूसरे के नाम से लगी देखकर रोना नहीं आएगा ? इन दिनों बाबरी-रामभूमि की संवेदनशीलता चल रही है। तो क्या जानबूझकर रसखान को खान मानकर वल्लभी सूरदास का नाम लगा दिया है। मनसे की तर्ज पर..?’ खिलखिलाकर हंस पड़ी सजनी-‘ भारतीय राजनीति की मार मध्यकाल तक चली गई कविराज ?’ फिर उसने अपने आंचल से कवि रसखान की आंखों से आंसू पोंछे और ढांढस बंधाने लगी। दृष्य में अंतरंगता को बढ़ते देख मैं एक शरीफ आदमी की तरह आगे बढ़ गया। मेरे साथ रसखान का कौवा भी कांव कांव करता चला आया।...

मार्बल सिटी का माडर्न हॉस्पीटल

उर्फ मरना तो है ही एक दिन इन दिनों चिकित्सा से बड़ा मुनाफे़ का उद्योग कोई दूसरा भी हो सकता है, इस समय मैं याद नहीं कर पा रहा हूं। नहीं जानता यह कहना ठीक नहीं। शिक्षा भी आज बहुत बड़ा व्यवसाय है। बिजली, जमीन, शराब, बिग-बाजार आदि भी बड़े व्यवसाय के रूप में स्थापित हैं। शिक्षा और स्वास्थ्य आदमी की सबसे बड़ी कमजोरियां हैं, इसलिए इनका दोहन भी उतना ही ताकतवर है। हमें जिन्दगी में यह सीखने मिलता है कि बलशाली को दबाने में हम शक्ति या बल का प्रयोग करना निरर्थक समझते हैं, इसलिए नहीं लगाते। दुर्बल को सताने में मज़ा आता है और आत्मबल प्राप्त होता है, इसलिए आत्मतुष्टि के लिए हम पूरी ताकत लगाकर पूरा आनंद प्राप्त करते हैं। मां बाप बच्चों के भविष्य के लिए सबसे मंहगे शैक्षणिक व्यावसायिक केन्द्र में जाते हैं। इसी प्रकार बीमार व्यक्ति को लेकर शुभचिन्तक महंगे चिकित्सालय में जाते हैं ताकि जीवन के मामले में कोई रिस्क न रहे। इसके लिए वे कोई भी कीमत चुकाना चाहते हैं और उनकी इसी कमजोरी को विनम्रता पूर्वक स्वीकार करके चिकित्सा व्यवसायी बड़ी से बड़ी कीमत लेकर उनके लिए चिकित्सा को संतोषजनक बना देते हैं। माडर्न ...

चूहों की प्रयोगशाला

( चींचीं चूहे से रेटसन जैरी तक ) मेरे प्रिय बालसखा , बचपन के दोस्त , चींचीं ! कैसे हो ? तुम तो खैर हमेशा मज़े में रहते हो। तुम्हें मैंने कभी उदास ,हताश और निराश नहीं देखा। जो तुमने ठान लिया वो तुम करके ही दम लेते हो। दम भी कहां लेते हों। एक काम खतम तो दूसरा शुरू कर देते हो। करते ही रहते हो। चाहे दीवार की सेंध हो ,चाहे कपड़ों का कुतरना हो , बाथरूम से साबुन लेकर भागना हो। साबुन चाहे स्त्री की हो या पुरुष की, तुमको चुराने में एक सा मज़ा आता है। सलवार भी तुम उतने ही प्यार से कुतरते हो , जितनी मुहब्बत से पतलून काटते हो। तुम एक सच्चे साम्यवादी हो। साम्यवादी से मेरा मतलब समतावादी है, ममतावादी है। यार, इधर राजनीति ने शब्दों को नई नई टोपियां पहना दी हैं तो ज़रा सावधान रहना पड़ता है। टोपी से याद आया। बचपन में मेरे लिए तीन शर्ट अलग अलग कलर की आई थीं। तब तो तुम कुछ पहनते नहीं थे। इसलिए तुम बिल से मुझे टुकुर टुकुर ताकते रहे। मैं हंस हंस कर अपनी शर्ट पहनकर आइने के सामने आगे पीछे का मुआइना करता रहा। ‘आइने के सामने मुआइना’ , अच्छी तुकबंदी है न! तुम्हें याद है ,तुम्हारी एक तुकबंद कविता किताबों में छप...